कहा…सत्ता में आते ही आदिवासियों को भूल गई सरकार,2023 से पहले देते थे शुभकामनाएं
रायपुर,10 अगस्त 2026। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस पर आदिवासी समाज की संस्कृति और पहचान को लेकर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 9 अगस्त को पूरी दुनिया में आदिवासी दिवस मनाया गया,लेकिन छत्तीसगढ़ में भाजपा के किसी नेता, यहां तक कि आदिवासी नेताओं की ओर से भी समाज को बधाई नहीं दी गई। बैज ने कहा कि राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री की ओर से भी आदिवासी समाज के लिए कोई बधाई संदेश नहीं आया। उन्होंने दावा किया कि 2023 से पहले भाजपा के नेता भी विश्व आदिवासी दिवस पर शुभकामनाएं देते थे,लेकिन अब स्थिति बदल गई है। आरएसएस आदिवासियों को वनवासी बनाना चाहती है। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि आरएसएस आदिवासी समाज की संस्कृति और अस्मिता को अलग पहचान देने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि आदिवासी दिवस दुनिया के सामने आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति और पहचान को सामने रखने का अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएसआदिवासियों को ‘वनवासी’ कहकर उनकी अलग सांस्कृतिक पहचान को कमजोर करना चाहती है। बैज ने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी स्वतंत्र संस्कृति और सभ्यता है,जिसे सम्मान दिया जाना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आदिवासी समाज देश की महत्वपूर्ण आबादी है और उसकी संस्कृति,परंपरा और अस्मिता का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस आदिवासी समाज को मुख्यधारा में बराबरी का स्थान देने के बजाय उसे पिछलग्गू बनाकर रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल शुभकामना देने का दिन नहीं, बल्कि आदिवासी अधिकारों,संस्कृति और पहचान पर बात करने का अवसर भी है। हर साल 9 अगस्त को दुनियाभर में विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य आदिवासी समुदायों के अधिकारों,संस्कृति,परंपराओं और उनकी पहचान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur