-संवाददाता-
उदयपुर,08 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। विकासखंड उदयपुर के पहाड़ी और दूरस्थ गांवों में मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। अब तक 39 मरीजों में प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम (पीएफ) मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है। मरीजों में बड़ी संख्या में पहाड़ी कोरवा और पंडो जनजाति के लोग शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में मलेरिया नियंत्रण और रोकथाम के लिए सघन अभियान शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मतरिंगा,खर्रानगर,मुसरडांड, मुकना पहाड़, बारो पहाड़,बकोई और सेमी घोघरा में मलेरिया के मरीज मिले हैं। इनमें मतरिंगा, मुसरडांड और खर्रानगर क्षेत्र में मलेरिया के मामले अधिक सामने आए हैं। 26 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट में 31 मरीजों के पॉजिटिव होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद मरीजों की संख्या बढकर 39 हो गई है। मरीजों की सूची में डेढ़ वर्ष के बच्चे से लेकर 60 वर्ष की महिला तक शामिल हैं। बच्चों, किशोरों और वयस्कों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। दस्तावेज के अनुसार मरीजों की पुष्टि 6 मई से अब तक अलग-अलग तिथियों में हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर बुखार से पीडि़त लोगों का सर्वे कर रही हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur