-संवाददाता-
लखनपुर,08 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। लखनपुर थाना क्षेत्र के जमगला में शादी के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश निवासी रामकली बाई ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे की शादी के बाद दुल्हन महज तीन दिन ससुराल में रही और चौथे दिन रात में शौचालय जाने की बात कहकर घर से चली गई। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद जब वे दुल्हन को वापस लाने पहुंचे तो उनसे 50 हजार रुपए की अतिरिक्त मांग की गई। रामकली बाई ने मामले की शिकायत 6 अगस्त को लखनपुर थाने में की थी। वहां सुनवाई नहीं होने एसपी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार रामकली बाई के बेटे तुलसीदास लोधी का विवाह 23 मई 2026 को जमगला निवासी युवती से हुआ था। विवाह कराने में जमगला निवासी दो मध्यस्थों की भूमिका बताई गई है। आरोप है कि शादी के दौरान दूल्हे पक्ष से एक लाख रुपए नकद और करीब एक लाख रुपए के जेवरात लिए गए थे। शादी के बाद दुल्हन तीन दिन तक ससुराल में रही। चौथे दिन रात में वह शौचालय जाने की बात कहकर घर से चली गई और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उसे चुपके से अपने साथ ले गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पूरी घटना सुनियोजित तरीके से की गई ठगी है, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी हुई। पीडि़त पक्ष ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज करने, नकदी और जेवर वापस दिलाने की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur