Breaking News

लखनपुर@छात्राओं को सड़क सुरक्षा और साइबर सिक्योरिटी के प्रति किया जागरूक

Share

थाना प्रभारी ने यातायात नियमों के पालन के साथ ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय
-संवाददाता-
लखनपुर,08 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,लखनपुर के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना लखनपुर के थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से पुलिस अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरक्षक दशरथ राजवाड़े ने छात्राओं को सुरक्षित यातायात के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जान-माल की क्षति का एक प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। प्रत्येक नागरिक यदि यातायात नियमों का पालन करे तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने छात्राओं को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का इंश्योरेंस रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी सचेत किया। उन्होंने कहा कि शराब, तंबाकू, गुटखा और अन्य मादक पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने के साथ परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की अपील की गई।
फर्जी कॉल और डिजिटल अरेस्ट से रहें सावधान : कार्यक्रम में छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने फर्जी फोन कॉल, लॉटरी का लालच, बैंक अधिकारी बनकर गोपनीय जानकारी मांगना, ओटीपी हासिल करना तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी संदेशों तथा आकर्षक ऑफरों के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इस दौरान छात्राओं ने साइबर अपराध, यातायात नियमों और सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संकल्प दिलाया गया। विद्यालय की प्राचार्य रंजना श्रीवास्तव ने भी छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं साइबर सिक्योरिटी के प्रति सतर्क रहने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


Share

Check Also

जशपुरनगर@शहर के विकास कार्यों की कलेक्टर ने ली ग्राउंड रिपोर्ट,धीमे काम पर जताई नाराजगी

Share नालंदा परिसर,चौक सौंदर्यीकरण,क्रिटिकल केयर ब्लॉक और बाकी नदी पुल का निरीक्षण,गुणवत्ता के साथ समय-सीमा …

Leave a Reply