कमरे में बंद कर दो छात्रों को पीटने का आरोप,पीठ पर चोट के निशान,शिकायत के बाद शिक्षक हटाया गया
-संवाददाता-
बलरामपुर,07 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड स्थित प्रेमनगर के डीएव्ही मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में दो छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शारीरिक दंड को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का आरोप है कि खेल शिक्षक ने दोनों छात्रों को कमरे में बंद कर क्रिकेट के स्टंप से बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी पीठ पर गंभीर चोट के निशान बन गए। जानकारी के अनुसार, छुट्टी के बाद जब दोनों छात्र घर पहुंचे तो उनके चेहरे पर उदासी और पीठ पर चोट के निशान देखकर परिजनों को संदेह हुआ। काफी पूछताछ के बाद बच्चों ने बताया कि खेल शिक्षक ने उन्हें कमरे में बंद कर स्टंप से मारा और किसी को घटना की जानकारी देने पर गंभीर मामले में फंसाने की धमकी भी दी। परिजनों का कहना है कि बच्चों से यदि कोई गलती हुई थी तो इसकी जानकारी उन्हें दी जानी चाहिए थी। अनुशासन के नाम पर इस तरह का शारीरिक दंड और डराना-धमकाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित खेल शिक्षक को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। शिक्षा विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कई स्कूल पिछले एक वर्ष में अलग-अलग विवादों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। शिक्षकों के अनुचित व्यवहार, लापरवाही और छात्रों के साथ दुर्व्यवहार के मामलों में कार्रवाई भी हुई है, लेकिन ताजा घटना ने यह सवाल फिर खड़ा कर दिया है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था कितनी प्रभावी है।
प्रशासनिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur