भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार,कहा…एआई मिशन से सुशासन,कौशल विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 अगस्त 202६ (घटती-घटना)। भाजपा सरगुजा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा ‘छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन’ को दी गई मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के डिजिटल भविष्य के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा…कि यह मिशन सुशासन, नई तकनीक,कौशल विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला साबित होगा। भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि राज्य सरकार ने पांच वर्षों की अवधि के लिए 500 करोड़ रुपये की लागत से इस महत्वाकांक्षी मिशन को लागू करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है,बल्कि दूरस्थ जिलों, छोटे शहरों और कस्बों तक भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पहुंच सुनिश्चित करना है,ताकि अंतिम व्यक्ति तक तकनीक का लाभ पहुंच सके। उन्होंने बताया कि मिशन के अंतर्गत प्रदेशभर में 100 अत्याधुनिक एआई डेटा लैब स्थापित की जाएंगी। शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे। युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए 300 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग दिया जाएगा। इसके अलावा राज्य के लगभग 6 लाख विद्यार्थियों तथा 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई आधारित विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी, सरल और तेज बनाने के लिए 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं भी विकसित की जाएंगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से तकनीकी विकास के नाम पर केवल दावे करती रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कंप्यूटरीकरण के सपने की चर्चा तो कांग्रेस लगातार करती है,लेकिन दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद उस दिशा में ठोस पहल नहीं कर सकी। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने योजनाओं को धरातल पर उतारकर यह सिद्ध किया है कि डिजिटल परिवर्तन केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि प्रभावी क्रियान्वयन से संभव होता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह मिशन भारत सरकार के इंडिया एआई मिशन के अनुरूप छत्तीसगढ़ को नवाचार, तकनीक और डिजिटल सुशासन के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur