Breaking News

अम्बिकापुर@ड्रंक एंड ड्राइव पर पुलिस की सख्ती,3 वाहन चालकों पर 30 हजार का जुर्माना

Share


दो बाइक और एक सूमो चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले,न्यायालय ने प्रत्येक पर 10-10 हजार का अर्थदंड लगाया

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात शाखा ने ड्रंक एंड ड्राइव के तीन मामलों में सख्त कार्रवाई की है। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए दो मोटरसाइकिल चालकों और एक सूमो चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया,जहां तीनों पर कुल 30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान चेकिंग के समय बाइक क्रमांक सीजी-15-डीएक्स-4819 के चालक नंदूराम सिंह (20),निवासी गंगापुर, थाना जयनगर को रोककर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई में बाइक क्रमांक सीजी-15-ईके-5839 के चालक अजय कुजूर (24), निवासी सुखरी, थाना गांधीनगर भी शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। वहीं तीसरे मामले में सूमो क्रमांक सीजी-29-एसी-1148 के चालक प्रकाश यादव (25), निवासी पोड़ी,थाना प्रतापपुर को भी ब्रेथ एनालाइजर जांच में नशे की हालत में वाहन चलाते पाया गया। तीनों चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। इस तरह कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने लोगों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील करते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित यातायात शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ परवाज’ कार्यक्रम में छात्राओं से खुला संवाद,तस्करी,नशा और मानसिक स्वास्थ्य पर किया जागरूक

Share ‘सेवा किटी समूह ने सरगावां स्कूल की छात्राओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का …

Leave a Reply