Breaking News

अम्बिकापुर@पेट्रोल पंप के पैनल रूम में युवक की संदिग्ध मौत…परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Share


बिहार के बेगूसराय का रहने वाला था युवक,ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप…20 लाख रुपए लेकर पार्टनर बनने आया था अंबिकापुर

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शहर के रवि फ्यूल्स पेट्रोल पंप के पैनल रूम में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मामला करंट लगने से मौत का बताया जा रहा है,लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए ठेकेदार और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बिहार के बेगूसराय निवासी 35 वर्षीय सौरभ सिंह पिता मनोज सिंह कुछ दिन पहले बेगूसराय की लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार के साथ अंबिकापुर आया था। कंपनी इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों का मेंटेनेंस कार्य करती है। बताया गया कि 3 अगस्त की रात सौरभ अपने साथी शादाब के साथ रवि फ्यूल्स पेट्रोल पंप पहुंचा था। दोनों ने खाना खाने के बाद पैनल रूम में विश्राम किया। साथी शादाब ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12 बजे वह लघुशंका के लिए उठा तो देखा कि सौरभ बिजली के पैनल से चिपका हुआ था। आशंका है कि मोबाइल चार्जिंग के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने उठाए कई सवाल : घटना की सूचना मिलने पर मृतक के पिता मनोज सिंह और अन्य परिजन अंबिकापुर पहुंचे। उन्होंने मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। परिजनों का कहना है कि सौरभ के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं, दोनों कानों के पास करंट के निशान दिखाई दे रहे हैं और घटनास्थल पर खून के धब्बे भी मिले हैं। उनका दावा है कि केवल करंट लगने से इस तरह खून निकलना संभव नहीं है।
20 लाख रुपए लेकर आया था : मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन के संचालक मनोहर सिंह और मन्नु काम दिलाने और साझेदारी का झांसा देकर उनके बेटे को अंबिकापुर लाए थे। उनका कहना है कि सौरभ करीब 20 लाख रुपए लेकर घर से निकला था और उसने परिवार को बताया था कि वह कारोबार में पार्टनर बन गया है। बाद में उसने फोन पर यह भी कहा था कि साझेदार उसे परेशान कर रहे हैं और विवाद चल रहा है।
पत्नी से कहा था…पैसा नहीं दे रहे,मारपीट करते हैं…
परिजनों के अनुसार 3 अगस्त की शाम सौरभ ने अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत की थी। उसने बताया था कि वह जल्द घर लौटेगा,लेकिन साझेदार रुपए नहीं दे रहे हैं और उसके साथ मारपीट भी कर रहे हैं। अगले दिन जब पिता ने फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। कुछ देर बाद सूचना मिली कि सौरभ की करंट लगने से मौत हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ परवाज’ कार्यक्रम में छात्राओं से खुला संवाद,तस्करी,नशा और मानसिक स्वास्थ्य पर किया जागरूक

Share ‘सेवा किटी समूह ने सरगावां स्कूल की छात्राओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का …

Leave a Reply