पीडि़त की मां की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया ब्लैकमेलिंग व उगाही के प्रयास का मामला,जांच शुरू
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शहर के बौरीपारा निवासी एक युवक को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग करने के आरोप में पुलिस ने महिला के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पीडि़त युवक की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बौरीपारा निवासी पुष्पा पटेल ने थाने में आवेदन देकर बताया कि वह गृहिणी हैं। उनके पुत्र वर्षित पटेल को असोला निवासी भारती दास ने मोबाइल फोन पर एक लाख रुपये देने की मांग की। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवा देने की धमकी दी गई। शिकायत में कहा गया है कि वर्षित पटेल ने रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद 1 अगस्त 2026 को भारती दास ने उसके खिलाफ अंबिकापुर थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करा दी,जिसके आधार पर उसे जेल भेज दिया गया। पुष्पा पटेल ने अपने आवेदन में पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने,मोबाइल कॉल,चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur