Breaking News

अम्बिकापुर@चरित्र पर शक कर पत्नी से मारपीट का आरोप,पति,जेठ समेत छह पर एफआईआर दर्ज

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। महिला ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज,जान से मारने की धमकी और घर में बंधक बनाने का आरोप लगाया है। महिला ने थाना गांधीनगर में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रनपुरकला निवासी सुनीता यादव ने शिकायत में बताया है कि 10 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 2 बजे वह घर के आंगन में गाय को पानी पिलाने के बाद खड़ी थी। इसी दौरान उसके पति विजय शंकर यादव और जेठ टीकम प्रसाद यादव पहुंचे। पति ने चरित्र पर संदेह जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडे से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई, जबकि जेठ टीकम प्रसाद ने पति को उकसाते हुए उसे खत्म कर देने की बात कही। महिला का आरोप है कि शाम को पति सामान्य व्यवहार करता रहा, लेकिन रात करीब 9.10 बजे जेठ के दोबारा पहुंचने पर सास सुकवरिया यादव, जेठ इंद्रजीत यादव और चाचा ससुर प्रभु यादव भी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इसके बाद अन्य परिजनों को भी बुलाया गया। शिकायत में महिला ने कहा है कि वह डर के कारण गांव के अयोध्या प्रसाद यादव के घर चली गई थी, लेकिन रात में वहां से भी उसे जबरन घर ले जाकर फिर मारपीट की गई। आरोप है कि उसके बाद घर के बाहर ताला लगा दिया गया और दीवार पर सीढ़ी लगाकर ऐसा माहौल बनाया गया,जिससे उस पर चोरी का आरोप लगाया जा सके। महिला ने बताया कि अगले दिन 11 जुलाई को उसके पिता पारसनाथ यादव पुलिस के साथ पहुंचे, तब उसे घर से बाहर निकाला गया। मारपीट में उसके दोनों पैर, जांघ, पीठ, सिर और हाथ में चोटें आई हैं। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पति ने गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में घर का सामान, राशन कार्ड, आधार कार्ड, अन्य दस्तावेज और नकदी भी अपने कब्जे में ले ली। उसने आवेदन में घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

Share करम्हा गांव की घटना, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज-संवाददाता-अम्बिकापुर,03 अगस्त 2026 …

Leave a Reply