एपीएल को चावल नहीं, अंत्योदय हितग्राहियों को चार माह से शक्कर नहीं; ओटीपी बंद होने से बुजुर्ग भी परेशान, नियमित राशन वितरण की मांग
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शहर के मौलाना अब्दुल कलाम आजाद मंडल क्षेत्र में राशन वितरण में कथित अनियमितताओं और राशन दुकानों के नियमित रूप से नहीं खुलने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला खाद्य अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि एपीएल कार्डधारकों को चावल नहीं मिल रहा है, अंत्योदय हितग्राहियों को पिछले चार माह से शक्कर का वितरण बंद है और बायोमैट्रिक आधारित व्यवस्था के कारण कई बुजुर्ग राशन से वंचित हो रहे हैं। मंडल अध्यक्ष निकी खान के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, जिला उपाध्यक्ष मो. इस्लाम, पार्षद मो. हसन एवं मो. बाबर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य अधिकारी को बताया कि बायोमैट्रिक ओटीपी व्यवस्था बंद होने और केवल फिंगरप्रिंट सत्यापन पर निर्भरता के कारण कई बुजुर्गों के अंगूठे का मिलान नहीं हो पा रहा है, जिससे वे अपना निर्धारित राशन नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसी स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए ताकि कोई भी पात्र हितग्राही खाद्यान्न से वंचित न रहे। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई राशन दुकानें निर्धारित समय पर नहीं खुल रही हैं, जिससे आम लोगों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की सभी राशन दुकानों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की। जिला खाद्य अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह, सौरभ फिलिप, काजू खान, विजय सोनी, शमसु अंसारी, अब्दुल वाहिद, अजहर मंसूरी, मो. औरंगजेब सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur