लखनपुर स्थित निवास पर पहुंचे बड़ी संख्या में नागरिक, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिया निर्देश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अगस्त 2026(घटती-घटना)। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को लखनपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगरीय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में नागरिकों ने पेयजल,सड़क,बिजली,स्वास्थ्य,शिक्षा, राजस्व,सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पर्यटन विकास तथा सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए। मंत्री अग्रवाल ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन कर विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने और प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है और शासन की योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों और शासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है तथा सरकार की प्राथमिकता है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से जनप्रतिनिधि और प्रशासन लगातार लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उसका निराकरण किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और समस्याओं के समाधान में मानवीय संवेदनशीलता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur