विक्टोरिया पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को दी यातायात नियमों की जानकारी,अभिभावकों से भी नाबालिगों को वाहन न देने की अपील
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। नाबालिगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अंडरएज ड्राइविंग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने जिले के स्कूलों में विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीम ने सोमवार को विक्टोरिया पब्लिक स्कूल पहुंचकर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। पुलिस के अनुसार, शासन के निर्देश तथा डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नाबालिग विद्यार्थियों की सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें दुर्घटनाओं से बचाना है। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को हेलमेट पहनने,यातायात नियमों का पालन करने तथा स्कूल आने-जाने के लिए अधिकृत स्कूल वाहन या परिजनों के साथ ही यात्रा करने की सलाह दी गई। पुलिस ने जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों और प्रधान पाठकों को भी निर्देश दिए हैं कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस किसी भी छात्र-छात्रा को दोपहिया वाहन से विद्यालय आने की अनुमति न दी जाए। यदि कोई विद्यार्थी अंडरएज ड्राइविंग करते हुए पाया जाता है तो पहले उसे और उसके परिजनों को बुलाकर काउंसलिंग की जाएगी। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सरगुजा पुलिस ने बताया कि जिलेभर के विभिन्न स्कूलों में प्रतिदिन ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अभिभावकों को भी जागरूक किया जा रहा है ताकि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने के लिए न दें। पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अंडरएज ड्राइविंग से दूर रखें। अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur