Breaking News

अम्बिकापुर@ पर्यावरण बचाने से पहले मन का प्रदूषण दूर करें : टी.एस. सिंहदेव

Share


ब्रह्माकुमारीज़ के पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन अभियान का अंबिकापुर में आयोजन
संवाददाता-
अम्बिकापुर,31 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से 26 जुलाई से 6 अगस्त तक संचालित पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन अभियान के तहत अंबिकापुर में प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए सबसे पहले मन के पर्यावरण को शुद्ध करना होगा। यदि हम अपने विचारों को सकारात्मक नहीं बनाएंगे तो बाहरी प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन को रोक पाना कठिन होगा। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अतिथियों का स्वागत पौधे एवं बैज भेंट कर किया गया। ब्रह्माकुमारीज़ अंबिकापुर सेवा केंद्र की संचालिका बीके विद्या दीदी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ की सेवाओं से वे लंबे समय से जुड़े हैं और यहां आकर हमेशा आत्मिक शांति का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि विकास की अंधी दौड़ में मानव ने प्रकृति का संतुलन बिगाड़ दिया है। अब समय आ गया है कि हम अपने विचारों और जीवनशैली में बदलाव लाकर प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाएं।
नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने कहा कि अभियान से मिली प्रेरणाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को पुनः समृद्ध और विश्व में सम्मानित बनाने के लिए प्रकृति और संस्कार दोनों का संरक्षण आवश्यक है। दिल्ली से आए बीके पीयूष भाई ने कहा कि हर व्यक्ति को हर परिस्थिति में प्रसन्न रहना सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत स्वयं से होती है। जल्दी सोना-जल्दी उठना, सकारात्मक चिंतन करना और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। माउंट आबू से आए बीके ओंकार भाई ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरण के साथ लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति भी जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बाहरी प्रदूषण को रोकने से पहले मन के भीतर के प्रदूषण को समाप्त करना होगा। पानीपत से आईं बीके ज्योति दीदी ने राजयोग का महत्व बताते हुए कहा कि राजयोग आत्मा और परमात्मा का मिलन है। उन्होंने सभी को हर परिस्थिति में कृतज्ञ रहने, दूसरों की विशेषताओं को देखने और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन का भी अभ्यास कराया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों ने अतिथियों को ईश्वरीय साहित्य, प्रसाद एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मणिकर्णिका और अदिति ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में समाजसेवी शिल्पा पांडे, मंगल पांडे,वंदना दत्ता,आर्ट ऑफ लिविंग के संचालक अजय तिवारी, सुधीर पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अभियान के तहत साईं बाबा कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, साइंस कॉलेज तथा विश्रामपुर एसईसीएल में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का संचालन बीके तारीका दीदी ने किया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ डीआईजी-एसएसपी राजेश अग्रवाल ने किया रक्षित केंद्र का वार्षिक निरीक्षण उत्कृष्ट जवान हुए सम्मानित

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,31 जुलाई 202६ (घटती-घटना)। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को रक्षित …

Leave a Reply