समरसता संकल्प अभियान के तहत विभिन्न मंदिरों में हुए कार्यक्रम,सामाजिक एकता का दिया संदेश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भाजपा मंडल महामाया ने माँ महामाया मंदिर में दर्शन-पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं महाआरती का आयोजन किया। इस दौरान मंदिर के पुजारियों का अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु के प्रति श्रद्धा का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, सेवा,अनुशासन और समाज के प्रति दायित्वों का स्मरण कराने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है और उनके आदर्श समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। अभियान के तहत भाजपा के विभिन्न मोर्चों ने भी शहर के अलग-अलग मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन कर समरसता का संदेश दिया। युवा मोर्चा ने स्कूल रोड स्थित हनुमान मंदिर, महिला मोर्चा ने जोड़पीपल शिव मंदिर, किसान मोर्चा ने काली मंदिर,पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने पुलिस लाइन स्थित गौरी मंदिर तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने माँ महामाया मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव,भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया,बस्तर सह-प्रभारी हरपाल सिंह भामरा, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अंबिकेश केसरी,महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह,नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला महामंत्री विनोद हर्ष,अरुणा सिंह, महामाया मंडल अध्यक्ष मनोज कंसारी सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता,सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur