मदननगर के ग्रामीणों पर दर्ज प्रकरण वापस लेने, पुलिस कार्रवाई रोकने और संवाद से समाधान की मांग
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ किसान सभा,सरगुजा जिला समिति ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सरगुजा जिले के ग्राम मदननगर सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण,ग्रामीणों पर दर्ज आपराधिक प्रकरण तथा पुलिस कार्रवाई को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। संगठन ने इन मामलों में हस्तक्षेप करते हुए ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर समाधान निकालने की मांग की है। ज्ञापन में किसान सभा ने आरोप लगाया है कि भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं,जिससे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। संगठन ने मांग की कि ग्रामीणों पर दर्ज सभी प्रकरण वापस लिए जाएं तथा पुलिस कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। किसान सभा ने राज्य की भूमि अधिग्रहण नीति की समीक्षा की भी मांग की। संगठन का कहना है कि विकास परियोजनाओं के नाम पर किसानों और आदिवासियों का विस्थापन उचित नहीं है। ज्ञापन में कहा गया कि विकास के साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास,उचित मुआवजा और सम्मानजनक आजीविका की भी गारंटी सुनिश्चित की जानी चाहिए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भूमि अधिग्रहण से प्रभावित प्रत्येक परिवार के कम से कम एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा भूमि अधिग्रहण,पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम,2013 के सभी प्रावधानों का पूर्ण पालन किया जाए। किसान सभा का कहना है कि केवल आर्थिक मुआवजा पर्याप्त नहीं है,बल्कि प्रभावित परिवारों के दीर्घकालिक पुनर्वास और आजीविका की सुरक्षा भी आवश्यक है। संगठन ने सरकार से अपील की कि क्षेत्र में शांति और विश्वास का माहौल बनाने के लिए ग्रामीणों के साथ सकारात्मक वार्ता की जाए तथा विवादों का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाए,ताकि विकास और जनहित के बीच संतुलन स्थापित हो सके। ज्ञापन छत्तीसगढ़ किसान सभा,सरगुजा जिला समिति के सचिव सी.पी. शुक्ल की ओर से जारी किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur