शिक्षिका निलंबित,डीईओ ने दिए जांच के निर्देश छात्र संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी दी..
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। छात्र से कॉपी में उसकी मां के लिए अश्लील गालियां 100 से अधिक बार लिखवाने के मामले में बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार शिक्षिका ने छात्र को उसकी नोटबुक में मां के लिए अश्लील शब्द बार-बार लिखने के लिए कहा था। इतना ही नहीं,कॉपी परिजनों को दिखाने के उद्देश्य से छात्र को घर भी भेज दी गई। मामला सामने आने के बाद अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी फैल गई। घटना के बाद छात्र संगठनों ने भी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने पूरे मामले की जांच के निर्देश जारी किए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूल के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संस्था ऐसी घटनाओं को कतई स्वीकार नहीं करती। संबंधित शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है और भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur