गिरफ्तारी पर 5 हजार का इनाम घोषित
डीआईजी व एसएसपी ने जारी की उद्घोषणा,सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी या उसकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले को 5 हजार रुपए का इनाम देने की उद्घोषणा जारी की है। पुलिस के अनुसार,कोतवाली थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत आरोपी तरुण जायसवाल, निवासी भफौली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज है। आरोप है कि आरोपी ने एक नाबालिग पीडि़ता के साथ दुष्कर्म किया और घटना के बाद से फरार है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और हरसंभव प्रयास किए गए,लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत इनाम घोषित किया गया है। उद्घोषणा के अनुसार, जो व्यक्ति आरोपी के संबंध में ऐसी जानकारी देगा जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके,या आरोपी को गिरफ्तार कराएगा अथवा स्वयं गिरफ्तार करेगा, उसे 5 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुरस्कार देने संबंधी अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक, सरगुजा का होगा।
इन नंबरों पर दें सूचना : आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक सरगुजा 94791-93501,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक 94791-93502,नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर 94791-93503 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम 94791-93599 पर संपर्क किया जा सकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur