रघुनाथपुर के ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। लुंड्रा विकासखंड के रघुनाथपुर क्षेत्र के किसानों ने एक मिनरल फैक्ट्री पर बाउंड्रीवाल निर्माण से प्राकृतिक जल निकासी बाधित करने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि बारिश का पानी खेतों में भर जाने से फसल प्रभावित हो रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने तहसीलदार रघुनाथपुर को आवेदन सौंपकर मौके का निरीक्षण कराने,फसल नुकसान का आकलन करने तथा मुआवजा दिलाने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि संबंधित मिनरल फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल बनने के बाद बारिश का पानी खेतों से बाहर नहीं निकल पा रहा है। इससे खेती योग्य भूमि में जलभराव की स्थिति बन गई है और फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आगामी खेती भी प्रभावित होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अमले से स्थल निरीक्षण कराया जाए, फसल नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाया जाए तथा स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आवेदन में चेतावनी दी गई है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन की होगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur