-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती एक मरीज गायब हो गया, जिससे स्वजन परेशान हैं। स्वजन ने अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र और मणीपुर थाना में इसकी सूचना दी है,लेकिन उसका पता नहीं चल पाया है। जानकारी के मुताबिक,बलरामपुर जिला के पस्ता थाना अंतर्गत ग्राम बासेन निवासी लालबिहारी रवि पिता रामनाथ रवि 40 वर्ष को बीते सोमवार की रात को अचानक झटका आने पर स्वजन राजपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए थे। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर करने पर मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती करके चिकित्सक उसका उपचार कर रहे थे। 22 जुलाई, बुधवार को दिन में करीब 11.30 बजे वह बेड से उठा, तो शौचालय जा रहे होंगे, सोचकर पत्नी ध्यान नहीं दी। काफी देर तक जब लालबिहारी वापस नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू हुई, और चिकित्सक, नर्स को जानकारी दी गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सीसीटीव्ही को खंगालने पर बीमार युवक अस्पताल के बीच गेट से निकलते नजर आ रहा है, लेकिन इसके बाद कहां गया,पता नहीं चल पाया है। चप्पे-चप्पे पर तैनात रहने वाले निजी सुरक्षा कर्मियों के बाद भी अस्पताल से भर्ती मरीज का गायब हो जाना समझ से परे है।
गायब युवक के स्वजन ने बताया कि, वे गृहग्राम तक गायब युवक को तलाश कर पुनः अंबिकापुर वापस लौटे हैं। मणीपुर थाना में गुम इंसान की सूचना देने के लिए वे गए थे, यहां केस दर्ज करने के लिए भर्ती पर्ची लेकर आने कहा गया। अस्पताल प्रबंधन के द्वारा भी बुधवार को दोपहर तक भर्ती मरीज के गायब होने के संबंध में किसी प्रकार की तहरीर पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई गई थी,जिससे उसकी खोजबीन की जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur