12 कांग्रेसियों पर एफआईआर से भड़के दीपक बैज,बोले…मंत्री-विधायकों पर भी दर्ज हो काउंटर केस
रायपुर,23 जुलाई 2026। रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान जमकर बवाल हुआ। पुलिसकर्मियों के घायल होने पर 12 नामजद और कई अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं पर एफआईआर दर्ज की गई। अब इसके विरोध में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई नेता खम्हारडीह थाने में बीजेपी नेताओं-कार्यकर्ताओं पर काउंटर एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे हैं। थाने के बाहर बैठकर कांग्रेसी प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि बैज समेत कई नेता अंदर पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि, जितने मंत्री,विधायक और कार्यकर्ता आए, उन पर भी काउंटर एफआईआर दर्ज हो। दीपक बैज ने कहा कि,वो पत्थर मारेंगे,तो हम पुलिस के भरोसे बैठे रहेंगे क्या? फिलहाल,कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों से बातचीत का दौर जारी है। इससे पहले,प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, हम चुप बैठने वाले नहीं हैं,हमने चूडि़यां नहीं पहनी हैं। बीजेपी की यह कार्रवाई पूरी तरह से बदले की भावना से प्रेरित है। कांग्रेस इस कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देगी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमला किया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि, भाजपा सरकार कुछ ही महीनों की मेहमान है। रायपुर में बुधवार को राजीव भवन (कांग्रेस प्रदेश कार्यालय) के बाहर हुए भीषण उपद्रव और पथराव के मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने खम्हारडीह थाने में लिखित शिकायत दी है। कांग्रेस ने बीजेपी के कई मंत्रियों, विधायकों और संगठन के दिग्गजों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मंत्री और विधायकों पर भी दर्ज हो एफआईआर, इन्होंने भीड़ को उकसाया- विकास उपाध्याय
पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि, डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक राजेश मूरत, सुनील सोनी, अनुज शर्मा समेत कई मंत्री-विधायक यहां मौजूद थे। सबकी वीडियो क्लिपिंग है। इन्होंने भीड़ को उकसाया और हमारे तरफ भेजने का काम किया। उनके खिलाफ भी एफआईआर होना चाहिए।
भाजपा-कांग्रेस झड़प मामले
में 12 कांग्रेसियों पर एफआईआर दर्ज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 22 जुलाई को भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव प्रदर्शन के दौरान हुए भीषण बवाल में खम्हारडीह थाना पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है। खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की आधिकारिक शिकायत पर पुलिस ने कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, बल प्रयोग करने और उपद्रव फैलाने की गंभीर धाराओं में अपराध कायम किया है। राजीव भवन के बाहर हुए इस टकराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर यह कड़ा वैधानिक कदम उठाया है। बता दे कि प्रधानमंत्री आवास के घेराव के विरोध में जब भाजपा कार्यकर्ता रायपुर स्थित राजीव भवन की ओर बढ़े, तो वहां स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एफआईआर के मुताबिक, सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स की तरफ कांग्रेस कार्यालय की ओर से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता तेजी से आगे बढ़े। पुलिसकर्मियों ने जब प्रदर्शनकारियों को रोकने और शांति बनाए रखने की अपील की, तब उग्र भीड़ ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि उपद्रव के दौरान पुलिस बल पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते फेंके गए, जिससे पीएसआई देवराज सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई और महिला आरक्षक सीमा बंजारे का हाथ चुटैल हो गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur