पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने
और आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश
-संवाददाता-
रायपुर,23 जुलाई 2026(घटती-घटना)। सरगुजा, जशपुर सहित प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर बरसात के मौसम में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर उठी चिंताओं पर राज्य सरकार ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि प्रदेश में आने वाले प्रत्येक पर्यटक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बारिश के मौसम में जशपुर, मैनपाट, चित्रकोट, तीरथगढ़, राजपुरी जलप्रपात, दराबा सहित प्रदेश के अनेक प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में इन स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पर्यटन विभाग एवं संबंधित जिला प्रशासन को सभी संवेदनशील पर्यटन स्थलों का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता होगी, वहां तडि़त चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाए जाएंगे। इसके अलावा खतरनाक क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग, सुरक्षा रेलिंग, प्रशिक्षित लाइफगार्ड, प्राथमिक उपचार केंद्र तथा आपदा राहत दल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों और आपदा प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पर्यटन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षित पर्यटन की अवधारणा को भी प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद पूरी सुरक्षा और विश्वास के साथ ले सकें। उन्होंने प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से अपील की कि बारिश के मौसम में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा खराब मौसम या आकाशीय बिजली की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur