कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाया,राहुल गांधी के विरोध में बीजेपी का प्रदर्शन
रायपुर,22 जुलाई 2026। दिल्ली में राहुल गांधी के पीएम आवास घेराव के विरोध में छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस नेता आमने-सामने हो गए हैं। भाजपा नेता कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने निकले। इस दौरान राजीव भवन के पास कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और दो बार आंसू गैस छोड़ी गई। कई जगहों पर बैरिकेडिंग लगाई गई, जिसे प्रदर्शनकारियों ने तोड़ने की कोशिश की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने अराजकता फैलाने की कोशिश की। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी देश में अर्बन नक्सलवाद को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। वहीं,कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले के लिए भाजपा जिम्मेदार है। संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी की गई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर नहीं,बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस छोड़ी गई।
आंसू गैस के असर से मची अफरा-तफरी
प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और 5 बार आंसू गैस के गोले छोड़े। आंसू गैस के असर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई कार्यकर्ता व पुलिस जवान इसकी चपेट में आ गए। प्रदर्शन के दौरान छोड़ी गई आंसू गैस के असर से पुलिस जवानों के साथ कवरेज करने पहुंचे रिपोर्टर भी प्रभावित हुए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आंसू गैस भाजपा कार्यकर्ताओं पर नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर छोड़ी गई। वहीं, पार्टी ने महिला कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी का आरोप लगाते हुए पुलिस पर पक्षपात करने का भी दावा किया।
घेराव के दौरान लगा लंबा जाम
भाजपा के घेराव प्रदर्शन के चलते शंकर नगर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहा। बैरिकेडिंग और प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने प्रदर्शन खत्म होने के बाद बैरिकेडिंग हटाकर यातायात सामान्य की गई।
प्रदर्शन के दौरान एसआई समेत 16 पुलिसकर्मी घायल जवानों से मिलने अस्पताल पहुंचे पुलिस कमिश्नर

राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान एक सब-इंस्पेक्टर सहित करीब 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई जवानों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे और भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायल जवानों के स्वास्थ्य एवं उपचार की विस्तृत जानकारी ली तथा सभी घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेटिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है, जिनका उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बीजेपी-कांग्रेस में हुआ टकराव
बता दें कि बीते दिन दिल्ली में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपाई कांग्रेस भवन का घेराव करने निकले। इस प्रदर्शन में कई कैबिनेट मंत्री भी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur