25 जुलाई तक ईओडब्ल्यू रिमांड मंजूर…
रायपुर,22 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में कथित आबकारी घोटाले मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने उन्हें आबकारी घोटाले की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। इससे पहले रामगोपाल अग्रवाल को कोल लेवी घोटाले मामले में भी गिरफ्तार किया जा चुका है। कोल लेवी घोटाले में मिली 14 दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद रामगोपाल अग्रवाल को शुक्रवार को एसबी/ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान ईओडब्ल्यू ने आबकारी घोटाले में पूछताछ के लिए 5 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ईओडब्ल्यू को रामगोपाल अग्रवाल की 3 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है। अब ईओडब्ल्यू की टीम 25 जुलाई तक आबकारी घोटाले से जुड़े मामलों में उनसे पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी का कहना है कि आबकारी घोटाले से जुड़े कई पहलुओं और कथित लेनदेन की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ जरूरी है। वहीं, इस मामले में आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। रामगोपाल अग्रवाल लंबे समय तक कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं और पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। कोल लेवी और आबकारी घोटाले की जांच के दौरान ईओडब्ल्यू लगातार कई लोगों से पूछताछ कर रही है। अब आबकारी घोटाले में उनकी भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur