
,शटर तोड़कर सीसीटीवी भी किया ध्वस्त
बगीचा बस स्टैंड स्थित कैपिटल मोबाइल दुकान में देर रात वारदात,व्यापारियों में आक्रोश
-संवाददाता-
जशपुर/बगीचा,22 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जशपुर जिले के बगीचा बस स्टैंड स्थित कैपिटल मोबाइल दुकान में मंगलवार देर रात हुई बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल बगीचा थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद बेखौफ चोर दुकान का शटर तोड़कर करीब 60 से 70 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन चोरी कर ले गए और फरार हो गए। दुकान संचालक सबा के अनुसार, चोर बड़ी तैयारी के साथ आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि कोई साक्ष्य न बच सके। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी की पूरी योजना पहले से बनाई गई थी। घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। थाना से इतनी कम दूरी पर स्थित दुकान में लाखों रुपये की चोरी होना पुलिस की सतर्कता पर प्रश्नचिह्न लगा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थाना के आसपास ही व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं, तो दूर-दराज के क्षेत्रों की सुरक्षा का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
इस वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा चोरी में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हालांकि, इस सनसनीखेज चोरी ने जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur