Breaking News

अम्बिकापुर@ झमाझम बारिश से नदी-नाले उफान पर कई मार्ग बाधित,नदी में फंसी ट्रैक्टर

Share

दो दिनों की बारिश से बदला मौसम का मिजाज,अंबिकापुर में 24 घंटे में 102 मिमी वर्षा दर्ज
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है। सरगुजा संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। मंगलवार देर शाम से शुरू हुई तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि अनेक पुलियों और रपटों के ऊपर पानी बहने से आवागमन बाधित हो गया है। कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। लंबे समय से कम बारिश का सामना कर रहे सरगुजा संभाग के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले में अब तक औसत से करीब 58 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी, लेकिन पिछले दो दिनों की बारिश से स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है। जिला मुख्यालय अंबिकापुर में पिछले 24 घंटों के दौरान 102 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। लगातार हो रही बारिश के कारण सरगुजा संभाग की कई नदियां और नाले उफान पर हैं। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर क्षेत्र के मोहनपुर में झींक नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के रसौकी मार्ग में बरंगा नदी में बाढ़ आने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। यहां नदी पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड में मान नदी के उफान पर होने से पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है। इसके कारण बिरिमकेला, महेशपुर, नकना, बटईकेला और सरमना सहित कई गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की है।
बादलों से घिरा मैनपाट,बढ़ी प्राकृतिक सुंदरता
लगातार बारिश से सरगुजा का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट पूरी तरह बादलों की चादर में लिपट गया है। पहाड़ी क्षेत्र में फैली धुंध और हरियाली ने यहां की प्राकृतिक सुंदरता को और बढ़ा दिया है। मानसून के इस मौसम में मैनपाट का मनमोहक दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। कई दिनों तक धूप नहीं निकलने और ठंडे मौसम के कारण यहां का वातावरण बेहद रमणीय हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
बाढ़ में फंसी ट्रैक्टर
सीतापुर क्षेत्र के केसला में मांढ़ नदी में अचानक जलस्तर बढऩे से रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी के बीच फंस गई। बताया जा रहा है कि चालक रेत निकालने के लिए नदी में उतरा था,लेकिन इसी दौरान तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढऩे लगा। स्थिति बिगड़ते देख चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि ट्रैक्टर और रेत से भरी ट्रॉली नदी में फंसी हुई है और जलस्तर बढऩे के कारण उसे बाहर निकालना संभव नहीं हो सका है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply