दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद तीन और छात्र जुड़े मेरिट सूची में,दो विद्यार्थियों ने 98.4′ अंक प्राप्त किया
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा सत्र 2025-26 से कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए लागू दो बोर्ड परीक्षा प्रणाली का लाभ होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल (अंग्रेजी माध्यम) के विद्यार्थियों को मिला है। दूसरी बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद विद्यालय के 81 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार पहली बोर्ड परीक्षा के परिणाम में 78 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए थे। बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से 46 विद्यार्थियों ने दूसरी बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लिया। परिणाम घोषित होने पर समर जायसवाल (91.2′), सृष्टि सिन्हा (91′) और नरगिस खातून (90.6′) ने भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की गौरव सूची में अपना स्थान बनाया। इसके साथ ही 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 81 हो गई। विद्यालय की एक और उपलब्धि यह रही कि पहली परीक्षा में पुष्कल सिंह ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया था। दूसरी परीक्षा के बाद अभिषेक सोनी ने भी 98.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से विद्यालय के सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में अपना नाम दर्ज कराया। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सिस्टर जेस्सी थेक्कन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय लगातार उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur