विशेष अभियान में साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई,साइबर ठगी से बचाव का भी दिया संदेश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 129 गुम मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए।
बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये है। पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में साइबर सेल अंबिकापुर तथा जिले के सभी थाना-चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने पिछले पांच महीनों में सर्विलांस तकनीक की मदद से इन मोबाइलों का पता लगाया। इससे पहले भी फरवरी 2026 में सरगुजा पुलिस 525 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंप चुकी है। कार्यक्रम में एसएसपी ने नागरिकों को ‘क्कह्ररुढ्ढष्टश्व’ की-वर्ड के माध्यम से साइबर सुरक्षा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि P-Password, O-OTP, L-Link, I-Identification, C-Careful और E-Emergency जैसे सरल सूत्र अपनाकर अधिकांश साइबर ठगी से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से पासवर्ड और ओटीपी किसी से साझा नहीं करने,संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा व्यक्तिगत दस्तावेजों का दुरुपयोग रोकने की अपील की। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने तथा नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल से संपर्क करने की सलाह दी।
साथ ही नागरिकों को भारत सरकार केCEIR पोर्टल पर गुम मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। वहीं, अवैध प्रवासियों की सूचना के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905,सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 तथा डायल 112 की जानकारी भी साझा की गई। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने पुलिस की तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन सरगुजा पुलिस के प्रयासों से उनकी उम्मीद पूरी हुई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur