यह सरकार को नींद से जगाने का काम करेगा : कन्हैया अग्रवाल
रायपुर,20 जुलाई 2026। स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के मुद्दे पर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने बताया कि 23 जुलाई को रायपुर के राजीव गांधी चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ता भी शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए। साथ ही नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को राहत देने की भी मांग की गई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान लोगों की आवाज उठाने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह धरना-प्रदर्शन प्रदेश सरकार को ‘कुंभकर्णी नींद’ से जगाने का काम करेगा।
स्मार्ट मीटर के बाद दोगुना-तिगुना आ रहा बिजली बिल
मोहम्मद सिद्दीक ने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में दो से तीन गुना तक बढ़ गए हैं। इससे आम और मध्यमवर्गीय परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि हर घर से बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही।
घर-घर भरवाए जा रहे फॉर्म
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से फॉर्म भरवा रहे हैं। उन्होंने पीडि़त उपभोक्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 23 जुलाई को होने वाले धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। कांग्रेस का कहना है कि वह स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल के मुद्दे पर आम जनता की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी।
स्मार्ट मीटर के विरोध पर सीएम साय बोले…
कांग्रेस मुद्दाविहीन, प्रदर्शन के लिए तलाश रही मुद्दे छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस के विरोध के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर केवल छत्तीसगढ़ में ही नहीं,बल्कि देश के कई अन्य राज्यों में भी लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है,इसलिए वह विरोध के लिए नए-नए विषय तलाश रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और उसे सिर्फ प्रदर्शन करने के लिए किसी न किसी विषय की जरूरत पड़ती है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को पारदर्शी और आधुनिक बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur