-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये कीमत की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार बाबूपारा निवासी गंगा प्रसाद बंजारे ने थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जुलाई की रात वह ड्यूटी के लिए अपनी होंडा शाइन (सीजी-09-जेई-7588) से जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बाइक अस्पताल परिसर के शेड के नीचे खड़ी की थी,लेकिन ड्यूटी समाप्त होने के बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नवागढ़ महामाया मंदिर के पास रहने वाले समीर अंसारी उर्फ गजनी (22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि दोनों चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे और वाहन को मठपारा के पास झाडि़यों में छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। पूछताछ में यह भी सामने आया कि समीर अंसारी के खिलाफ पहले से भी चोरी और आगजनी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि मामले में शामिल फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur