Breaking News

रायपुर@लगातार 177वें सप्ताह भी जारी रहा स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का जनअभियान

Share

पौधारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण और गाजर घास उन्मूलन के लिए कई जिलों में चला अभियान

रायपुर,19 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के उद्देश्य से स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ ने अपने लगातार 177वें साप्ताहिक जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया। अभियान के तहत दुर्ग, भिलाई, रिसाली, बालोद और ग्रामीण क्षेत्रों में पौधारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्ति एवं गाजर घास उन्मूलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में शिवनाथ नदी घाट मुक्ति धाम (दुर्ग) में उगी गाजर घास को जड़ से उखाड़कर नष्ट किया गया। घाट परिसर की सफाई कर प्लास्टिक, शराब की बोतलें, गुटखा पाउच, डिस्पोजल सामग्री और अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। पूर्व में लगाए गए पौधों की निराई-गुड़ाई कर उनकी देखभाल भी की गई। अभियान के दौरान नदी किनारे मृत पड़ी गाय की सूचना नगर निगम को देकर उसे हटाने की मांग की गई।
भिलाई के हुडको हैप्पी गार्डन में भी समिति के सदस्यों ने शराब की खाली बोतलें, पानी के पाउच, गुटखा पाउच और अन्य कचरा हटाकर सफाई अभियान चलाया। समिति ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, गार्डनों और जल स्रोतों पर शराब सेवन कर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की। रिसाली के दशहरा मैदान में योग लंगर समिति के सहयोग से संयुक्त स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रिसाली प्रभारी तरुणा देशमुख ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पौधारोपण कर पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। वहीं तालपुरी में ग्रामीण प्रभारी कुंवर सिंह देशमुख ने स्थानीय नागरिकों के साथ पौधारोपण किया।
समिति की टीम ने शिव पार्वती धाम (बालोद), महाकाल शिव मंदिर (सुरेगांव), शिव दुर्गा मंदिर, कपिश्वर धाम (भिलाई) तथा ग्राम अंजोरा सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर नदी एवं मंदिर परिसरों से प्लास्टिक, पूजा सामग्री, जूठे दोने-पत्तल, पानी की बोतलें और अन्य कचरा हटाया।
समिति के अनुसार पिछले पांच वर्षों से लगातार जागरूकता अभियान के चलते कई श्रद्धालु अब स्वयं नदी में तैरता कचरा निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखने लगे हैं। हालांकि हाल के दिनों में नगर निगम द्वारा समय पर कचरा नहीं उठाने से वह पुनः नदी में बहने लगा था। इस पर समिति ने निगम प्रशासन को अवगत कराया, जिसके बाद कचरे का उठाव कराया गया।
अभियान के दौरान लोगों को बैनर, नारे, स्लोगन और कविताओं के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्ति, पौधारोपण और गाजर घास उन्मूलन का संदेश दिया गया। “जल है तो बल है”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ”, “पौधे लगाकर पेड़ बनाओ” जैसे नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति प्रत्येक वर्ष गर्मी और वर्षा ऋतु में गाजर घास उन्मूलन अभियान चलाती है तथा लोगों को इसे जड़ से उखाड़कर नष्ट करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने नगर निगम से शिवनाथ नदी मुक्ति धाम क्षेत्र में निकाले गए कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने की भी मांग की।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या श्रीमती थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि समिति स्वयं श्रमदान कर समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और पौधारोपण के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाने में सहयोग करने की अपील की। अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, सुरेन्द्र साहू, श्रीमती थनेश्वरी हरदेल, सरोज टहनगुरिया, विमल टहनगुरिया, टीनल हरदेल, महेंद्र यादव, चितरंजन देशमुख, भानु शंकर बेलचंदन, कार्तिक राम चंद्राकर, कुंवर सिंह देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, तरुणा देशमुख सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक बरामद,शातिर चोर गिरफ्तार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल …

Leave a Reply