Breaking News

अम्बिकापुर@युवक को कुचलकर भाग रहा कार चालक ग्रामीणों ने दबोचा

Share


एनएच-43 पर पैदल घर लौट रहे व्यक्ति की मौत,पीछा कर चालक को पुलिस के हवाले किया

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर रविवार अलसुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से पैदल घर लौट रहे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर भागने लगा,लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और सीतापुर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मंगारी के कोलतापारा निवासी अर्जुन बखला (45) रविवार सुबह शौच के बाद पैदल घर लौट रहे थे। सुबह करीब 5 बजे वे जूनापारा के पास एनएच-43 किनारे चल रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार (सीजी 15 ईसी-5927) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन करीब 15 मीटर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक, देवगढ़ निवासी टीके सिंह (48), मौके से भागने लगा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया और सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया।
बिना सूचना शव ले जाने पर परिजनों ने जताई नाराजगी : पुलिस ने घटनास्थल से शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतापुर अस्पताल भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि उन्हें दुर्घटना की सूचना दिए बिना ही शव अस्पताल पहुंचा दिया गया। इस बात को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ब्लैक स्पॉट पर सीसीटीवी लगाने की मांग : ग्रामीणों का कहना है कि अंबिकापुर-सीतापुर मार्ग पर लगातार सडक दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई मामलों में दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार हो जाते हैं। उन्होंने हादसों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक बरामद,शातिर चोर गिरफ्तार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल …

Leave a Reply