-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर की पेटला शाखा में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरण में हुई कथित अनियमितता के मामले में सीतापुर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है। पुलिस के अनुसार कलेक्टर सरगुजा द्वारा गठित जांच दल की रिपोर्ट में सामने आया था कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की पेटला शाखा में 127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर उनके खातों से 1 करोड़ 92 लाख 82 हजार 96 रुपए का अनियमित आहरण किया गया। जांच में तत्कालीन शाखा प्रबंधक,सहायक लेखापाल, कैशियर, सामान्य सहायक,दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर तथा संबंधित समिति प्रबंधक की भूमिका सामने आने पर कलेक्टर कार्यालय के निर्देश पर एफआईआर दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर दीपक कुमार चक्रधारी (29), निवासी ग्राम अखोराकला,थाना जयनगर,जिला सूरजपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसकी भूमिका सामने आने पर शनिवार दोपहर उसे गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur