- स्थानीय कलाकार व वार्डवासी राकेश पांडेय का आरोप-पार्षद से लेकर पुलिस तक कई बार
- शिकायत की,आश्वासन मिला लेकिन कार्रवाई नहीं…बोले…कभी भी हो सकती है बड़ी वारदात
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर के वार्ड क्रमांक-4 स्थित एनडब्ल्यूजीएल चर्च के सामने महुआ पारा का खुला मैदान इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय कलाकार एवं वार्डवासी राकेश पांडेय ने आरोप लगाया है कि शाम ढलते ही यह मैदान असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाता है,जहां खुलेआम शराबखोरी,अश्लील गतिविधियां,गंदगी और देर रात तक हंगामा होता है। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह स्थान भाजपा पार्षद के वार्ड में है और महापौर मंजूषा भगत का निवास भी इसी इलाके के समीप है,जबकि पूर्व महापौर अजय तिर्की का घर सामने ही है फिर भी समस्या वर्षों से जस की तस बनी हुई है। राकेश पांडेय के अनुसार उन्होंने पार्षद,महापौर और पुलिस प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन किसी स्तर पर स्थायी समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि शाम होते ही महंगी गाडि़यों में युवक-युवतियां पहुंचते हैं और घंटों तक संदिग्ध गतिविधियां करते हैं।
वहीं दूसरी ओर बड़ी गाडि़यों से आने वाले लोग अंग्रेजी शराब और महुआ शराब पीकर बोतलें,डिस्पोजल,सिगरेट के पैकेट, गुटखा पाउच,कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मैदान में ही फेंककर चले जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पास के चिकन विक्रेताओं द्वारा भी मुर्गे के पंख,बीट और अन्य अपशिष्ट खुले मैदान में फेंक दिए जाते हैं,जिससे क्षेत्र में बदबू और गंदगी फैल रही है। प्लास्टिक कचरे का ढेर अलग से लगा रहता है। राकेश पांडेय का कहना है कि नई उम्र के लड़के-लड़कियां यहां देर रात तक गाडि़यों के बोनट पर जन्मदिन मनाते हैं और स्काई शॉट जैसे पटाखे चलाते हैं,जिनसे कई राउंड फायर जैसी तेज आवाज निकलती है। इसके अलावा बुलेट मोटरसाइकिलों से जानबूझकर तेज मिसफायर कर पूरे इलाके में दहशत का माहौल बनाया जाता है। उनका कहना है कि आवाज इतनी तेज होती है कि ऐसा लगता है मानो कान फट जाएंगे।
‘पुलिस को फोन किया,थाने भी गया…लेकिन पेट्रोलिंग नहीं हुई ‘ : राकेश पांडेय ने बताया कि उन्होंने गांधीनगर थाने में कई बार फोन किया। मुंशी ने बाद में बात करने की बात कही,लेकिन दोबारा संपर्क नहीं किया। थाना प्रभारी को भी अलग-अलग नंबरों से कई बार फोन लगाया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में स्वयं थाने जाकर उन्होंने थाना प्रभारी से मुलाकात की। थाना प्रभारी ने रात 8 बजे से 12 बजे के बीच दो-तीन बार पेट्रोलिंग कराने का आश्वासन दिया,लेकिन उनके अनुसार आज तक एक बार भी नियमित पेट्रोलिंग नहीं हुई।
बड़ी घटना हुई तो जिम्मेदार कौन?
राकेश पांडेय का कहना है कि जब भी मोहल्लेवासी असामाजिक तत्वों को रोकने का प्रयास करते हैं तो वे मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। परिवार के साथ रहने वाले लोग भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भविष्य में कोई बड़ी आपराधिक घटना हो जाती है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
प्रशासन से कार्रवाई की मांग…
राकेश पांडेय ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी),पुलिस अधीक्षक (एसपी) और कलेक्टर से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मैदान में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई, गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना तथा क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur