छत्तीसगढ़ के चयनित पांच एकलव्य विद्यालयों में शामिल हुआ पोड़ीडीह, छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर सीखेंगे विज्ञान और नवाचार
-राजेन्द्र शर्मा-
खड़गवां,18 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जनजातीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़ने की दिशा में पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) पोड़ीडीह ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, आईआईटी दिल्ली द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित आईआईटी दिल्ली बूट कैंप में भाग लेने के लिए विद्यालय के 10 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, इस उपलब्धि से विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे खड़गवां क्षेत्र और एमसीबी जिले में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के बूट कैंप में छत्तीसगढ़ से केवल पांच एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का चयन किया गया है, इनमें विकासखंड खड़गवां स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पोड़ीडीह का चयन होना विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रमाण माना जा रहा है, विद्यालय से 5 छात्र एवं 5 छात्राओं सहित कुल 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों में अरविंद कुमार टोप्पो, अभय कुमार पैकरा, आदित्य प्रताप सिंह, दिलीप कुमार भरकाम, आयुष कुमार सिंह, सरोज सिंह, लता सिंह, आकांक्षा सिंह, पूजा सिंह एवं पिंकी सिंह शामिल हैं, चयनित छात्र-छात्राएं आईआईटी दिल्ली में आयोजित बूट कैंप के दौरान विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, शोध एवं आधुनिक शिक्षण गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे, इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनजातीय विद्यार्थियों को देश के प्रमुख तकनीकी संस्थान के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना तथा उनमें वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करना है, विद्यार्थियों के साथ एस्कॉर्ट शिक्षक के रूप में सुश्री अर्चना ठाकुर (टीजीटी विज्ञान) एवं श्री कादिर अली (पीजीटी अंग्रेजी) को भी भेजा गया है,जो पूरे प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। विद्यालय के प्राचार्य श्री अरुण कुमार पाठा एवं आदिम जाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने चयनित विद्यार्थियों एवं एस्कॉर्ट शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें औपचारिक रूप से आईआईटी दिल्ली बूट कैंप के लिए रवाना किया,इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अवसर विद्यार्थियों के लिए सीखने और भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा।
विद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे बूट कैंप से प्राप्त ज्ञान, अनुभव और नवाचार की सीख को अपने विद्यालय, समाज और प्रदेश के विकास में उपयोग करेंगे तथा भविष्य में भी नई उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur