Breaking News

अम्बिकापुर@लंबित मांगों को लेकर डाक कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन,18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

Share


20 जुलाई से काली पट्टी बांधकर करेंगे काम,28 जुलाई को धरना; बढ़ते कार्यभार और लंबित मांगों को लेकर जताई नाराजगी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। भारतीय डाक कर्मचारी संघ (ग्रुप-सी),सरगुजा संभाग ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। इस संबंध में संघ ने अधीक्षक डाकघर,सरगुजा संभाग को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की औपचारिक सूचना दी है। संगठन का कहना है कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को क्रमशः तेज करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। घोषित कार्यक्रम के अनुसार डाक कर्मचारी 20 से 27 जुलाई तक काली पट्टी बांधकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इसके बाद 28 जुलाई को भोजनावकाश के दौरान संभागीय कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यदि इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 6 अगस्त को एक दिवसीय हड़ताल की जाएगी, जबकि 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
बढ़ते कार्यभार पर जताई नाराजगी
संघ का कहना है कि लंबे समय से डाक कर्मचारियों से विभिन्न प्रकार के लक्ष्य (टारगेट) पूरे कराने के साथ-साथ अतिरिक्त कार्य भी कराए जा रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि बढ़ते कार्यभार और अनावश्यक दबाव के कारण मानसिक तनाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे कार्य परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनती जा रही हैं। उनका कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार विभाग का ध्यान आकर्षित किया गया,लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
कई कर्मचारी संगठन होंगे शामिल
संघ के अनुसार इस आंदोलन में भारतीय डाक कर्मचारी संघ (ग्रुप-सी), पोस्टमैन एवं एमटीएस समूह तथा भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ के सदस्य भी भाग लेंगे। संगठन का कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान कराना है। यदि विभाग स्तर पर सकारात्मक पहल होती है तो आगे की रणनीति पर पुनर्विचार किया जाएगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक बरामद,शातिर चोर गिरफ्तार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल …

Leave a Reply