Breaking News

अम्बिकापुर@किरायेदार का पुलिस सत्यापन नहीं कराया तो अब होगी कार्रवाई

Share


सरगुजा पुलिस सख्त : गांधीनगर में मकान मालिक गिरफ्तार किरायेदारों ने की थी डकैती और आर्म्स एक्ट की वारदात

डीआईजी-एसएसपी राजेश अग्रवाल बोले- ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों सुविधा उपलब्ध,हर मकान मालिक कराए किरायेदार का वेरिफिकेशन


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बाहरी राज्यों से आए किरायेदारों के सत्यापन को लेकर लगातार अभियान चला रही सरगुजा पुलिस अब नियमों की अनदेखी करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेगी। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी मकान मालिक बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार नहीं रखे। नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में थाना गांधीनगर क्षेत्र के एक मकान मालिक को किरायेदारों की जानकारी पुलिस को नहीं देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, जिला दंडाधिकारी के आदेश के बावजूद गांधीनगर क्षेत्र के सरगंवा गैस गोदाम के पास रहने वाले राहुल विश्वकर्मा ने अपने मकान में किरायेदार रखे, लेकिन उनकी जानकारी और सत्यापन संबंधित थाने में जमा नहीं कराया। बाद में इन्हीं किरायेदारों पर 13 मई 2026 की रात घंघरी-गेरवानी नाला के पास डकैती और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले में शामिल होने का आरोप सामने आया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आने पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अन्य मकान मालिकों के लिए भी स्पष्ट संदेश है कि किरायेदारों का सत्यापन कराना कानूनी जिम्मेदारी है।
लगातार चल रहा सत्यापन अभियान : सरगुजा पुलिस पिछले कई दिनों से जिलेभर में किरायेदारों और मुसाफिरों के सत्यापन का विशेष अभियान चला रही है। पहले चरण में 125 मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में 450 लोगों का सत्यापन किया गया था। इसके बाद दूसरे चरण में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के 350 मकानों में करीब 750 लोगों का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, किरायेदारों और बाहरी राज्यों से आए लोगों की जांच कर रही है।
अब घर बैठे भी करा
सकते हैं पुलिस वेरिफिकेशन

पुलिस ने बताया कि किरायेदार सत्यापन की प्रक्रिया अब पूरी तरह डिजिटल भी हो गई है। मकान मालिक ‘समाधान’ ऐप या सीसीटीएनएस नागरिक सेवा पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित थाना में जाकर ऑफलाइन सत्यापन कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply