Breaking News

अम्बिकापुर@‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Share


युवा कांग्रेस-एनएसयूआई ने छात्रावासों और कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों से किया संवाद,पेपर लीक व रोजगार के मुद्दों पर मांगी पारदर्शी व्यवस्था


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई ने जिले में चल रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों और विभिन्न अकादमियों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। अभियान के दौरान छात्रों की समस्याएं सुनी गईं तथा शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और रोजगार जैसे मुद्दों पर उनकी राय ली गई। अभियान का संचालन आदित्येश्वर शरण सिंह देव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। युवा कांग्रेस आरटीआई सेल के चेयरमैन हिमांशु जायसवाल और विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनसे जाना कि वे किस प्रकार की शिक्षा व्यवस्था चाहते हैं। इस दौरान छात्रों का पंजीयन भी किया गया, ताकि उनके सुझावों और समस्याओं को संकलित कर आगे संबंधित स्तर तक पहुंचाया जा सके।
शिक्षा में व्यापक सुधार की जरूरत : सुरेंद्र गुप्ता
विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था कई चुनौतियों का सामना कर रही है। यदि समय रहते इसमें व्यापक सुधार नहीं किए गए तो इसका असर आने वाली पीढि़यों के भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के लिए बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित : हिमांशु जायसवाल
हिमांशु जायसवाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि विद्यार्थी वर्षों तक कठिन मेहनत करते हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी उनकी उम्मीदों पर पानी फेर देती है। उन्होंने नीट परीक्षा में पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को उचित मुआवजा देने तथा परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
सरकार तक पहुंचाए जाएंगे छात्रों के सुझाव
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से छात्रों की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। संगठन ने पेपर लीक पर सख्त कानून बनाने, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और छात्र हितों की रक्षा की मांग दोहराई। साथ ही कहा कि इन मुद्दों को लेकर भविष्य में भी जनजागरण और संवाद अभियान जारी रहेगा। कार्यक्रम में गौतम गुप्ता, आयुष गुप्ता, प्रमोद जायसवाल, सत्यम यादव, वैभव पांडेय सहित युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक बरामद,शातिर चोर गिरफ्तार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल …

Leave a Reply