Breaking News

अम्बिकापुर@आयुष्मान योजना में फर्जी भर्ती पर सख्ती निजी अस्पतालों की होगी नियमित जांच

Share


संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने सभी सीएमएचओ को जारी किए निर्देश, अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई के आदेश


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों की फर्जी भर्ती कर शासन से भुगतान लेने की लगातार मिल रही शिकायतों को स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है। सरगुजा संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने सरगुजा,कोरिया,जशपुर,बलरामपुर और एमसीबी जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) को पत्र जारी कर निजी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संभागीय संयुक्त संचालक द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि विभाग को लगातार ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध कुछ निजी चिकित्सालय और अस्पताल पात्र हितग्राहियों के नाम पर फर्जी तरीके से भर्ती दर्शाकर शासन से क्लेम प्राप्त कर रहे हैं। कई मामलों में मरीजों को अस्पताल में वास्तविक रूप से भर्ती किए बिना ही उनके नाम पर उपचार दिखाकर राशि का भुगतान लिया जा रहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई अस्पतालों में मरीजों के नाम पर आयुष्मान योजना की राशि का क्लेम तो किया जा रहा है, लेकिन मरीज अस्पताल में भर्ती ही नहीं रहते। इस तरह की गतिविधियां न केवल योजना की मूल भावना के विपरीत हैं, बल्कि शासन के धन के दुरुपयोग और स्वास्थ्य विभाग की छवि को भी नुकसान पहुंचा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यदि निजी अस्पताल योजना का दुरुपयोग कर फर्जी क्लेम करेंगे तो इससे पात्र हितग्राहियों का भरोसा प्रभावित होगा और शासन की मंशा पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए संभागीय संयुक्त संचालक ने सभी सीएमएचओ को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी आयुष्मान से संबद्ध निजी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान भर्ती रजिस्टर, मरीजों की वास्तविक उपस्थिति, उपचार संबंधी दस्तावेज और आयुष्मान पोर्टल पर किए गए क्लेम का गंभीरता से सत्यापन किया जाए।


Share

Check Also

राजपुर@ राजपुर में कांग्रेस का बूथ,पंचायत व मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न,वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

Share राजपुर15 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर स्थित मंडी प्रांगण में जिला कांग्रेस …

Leave a Reply