, बेटी-दामाद गिरफ्तार
गमछे से गला घोंटकर हत्या करने और खून के निशान गोबर से मिटाने का आरोप, बतौली पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा न्यायालय
अंबिकापुर/बतौली,15 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के बासाझाल बालापानी गांव में मोटरसाइकिल की किश्त के लिए रुपए मांगने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, बेटी और दामाद ने मिलकर पिता की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में घटनास्थल पर पड़े खून के निशानों को गोबर से लीपकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक 14 जुलाई को प्रार्थी माइकल टोप्पो ने थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसे राजू कोरवा ने फोन पर सूचना दी थी कि लोहर साय कोरवा की उसकी बेटी सोन कुंवारी और दामाद बंधन कोरवा ने हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचा तो लोहर साय का शव दामाद के घर के बरामदे में पड़ा मिला। घटनास्थल पर खून के निशानों को गोबर से लीपा हुआ पाया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि घटना वाले दिन सुबह लोहर साय का अपनी पत्नी से मोटरसाइकिल की किश्त नहीं भरने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह बेटी-दामाद के घर पहुंचा और वहां भी रुपए की मांग को लेकर झगड़ा करने लगा। पुलिस के अनुसार इसी दौरान आवेश में आकर बेटी और दामाद ने उसके गले में पहने गमछे से फंदा बनाकर गला घोंट दिया तथा जमीन पर पटककर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर बतौली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण हत्यात्मक पाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि खून के धब्बों को गोबर से लीपकर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया गया था। पूछताछ में आरोपी बंधन कोरवा (40 वर्ष) एवं उसकी पत्नी सोन कुंवारी (35 वर्ष) ने पुलिस के समक्ष हत्या की घटना स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उपनिरीक्षक अरुण गुप्ता, महिला आरक्षक किरण तांडे तथा थाना बतौली की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur