राजपुर15 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर स्थित मंडी प्रांगण में जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशन एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में बूथ, पंचायत एवं मंडल कमेटी कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव रहे।
सम्मेलन में ब्लॉक क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को टी.एस. सिंह देव ने शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। वहीं बूथ, पंचायत और मंडल कमेटियों के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर संगठन को मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना बताया गया।
केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों की आलोचना की। वक्ताओं ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, पेपर लीक के मामलों, बढ़ती महंगाई तथा अन्य मुद्दों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
टी.एस. सिंह देव ने संगठन मजबूत करने का दिया संदेश
मुख्य अतिथि टी.एस. सिंह देव ने कार्यकर्ताओं से बूथ, पंचायत और मंडल स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संविधान की भावना के विपरीत कार्य कर रही है तथा आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन को बड़े पूंजीपतियों के हित में प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनके अधिकारों और मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव, प्रभारी सफी अहमद, नान बाबा, राजेंद्र तिवारी, लालसाय मिंज, सुनील सिंह, नीरज तिवारी, बृजेश मिश्रा, सुरेश सोनी, राजीव तिर्की, कुसमी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत सहित युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur