टी.एस. सिंहदेव ने कहा…सरगुजा में कांग्रेस संगठन की मजबूत नींव रखने में राजमाता का रहा ऐतिहासिक योगदान

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की 93वीं जयंती सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उनके ज्येष्ठ पुत्र,पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सरगुजा राजपरिवार के सदस्य टी.एस. सिंहदेव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतीक्षा बस स्टैंड चौक स्थित स्वर्गीय महाराज एम.एस. सिंहदेव एवं राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की युगल प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद मां महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने राजमाता के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे दौर में कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया, जब राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बेहद सीमित थी। सत्तर और अस्सी के दशक में उन्होंने तत्कालीन अविभाजित सरगुजा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों का लगातार दौरा कर कांग्रेस की मजबूत संगठनात्मक नींव रखी। राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव का जन्म 13 जुलाई 1933 को हिमाचल प्रदेश के जुब्बल राजपरिवार में हुआ था। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवं सरगुजा महाराज स्वर्गीय एम.एस. सिंहदेव से विवाह के बाद वे सरगुजा आईं और यहीं से सार्वजनिक जीवन एवं राजनीति की शुरुआत की। वे अंबिकापुर और बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्रों से विधायक रहीं तथा अविभाजित मध्यप्रदेश में प्रकाशचंद्र सेठी और अर्जुन सिंह मंत्रिमंडल में आवास, पर्यावरण, मध्यम सिंचाई एवं वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वे सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भी रहीं। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में डॉ. प्रेमसाय सिंह, जे.पी. श्रीवास्तव, शफी अहमद, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, मोहम्मद इस्लाम, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, जगन्नाथ कुशवाहा, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, शैलेंद्र प्रताप सिंह, फूलसाय लकड़ा, संजय सिंह, अनूप मेहता, लोकेश कुमार, आलोक सिंह, मेराज रंगरेज, जीवन यादव, विनोद एक्का, चंद्रप्रकाश सिंह, सोहन जायसवाल, सतीश बारी, बालकेश्वर तिर्की, कलीम अंसारी, आशीष जायसवाल, सरिता महंत, अविनाश कुमार, काजू खान, निखिल विश्वकर्मा, आलोक गुप्ता, रोशन कन्नौजिया, अंकित जायसवाल, वसीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur