सरगुजा जिला कांग्रेस की मासिक बैठक में संगठनात्मक बदलाव, बूथ से जिला स्तर तक मासिक बैठक का शेड्यूल तय
अम्बिकापुर,13 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश स्तर पर आयोजित 10 दिवसीय जिलाध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर के अनुभवों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें जिला कार्यकारिणी के सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा, संगठन एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष तथा अंबिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस संगठन में ऊपर से नीचे तक व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य पार्टी को मजबूत कैडर आधारित संगठन के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि अब संगठन में पद और जिम्मेदारियां किसी की सिफारिश से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर तय होंगी। उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी में प्रतिभा और मेहनत को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने प्रशिक्षण शिविर से प्राप्त संगठनात्मक जानकारियों को पदाधिकारियों के साथ साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस अब आधुनिक मॉनिटरिंग व्यवस्था के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कनेक्ट सेंटर के माध्यम से जिला संगठनों को सौंपे गए कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कार्यक्रमों को तय समय सीमा में पूरा करने के साथ-साथ मतदाता सूची के परीक्षण, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी अब कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के प्रदर्शन का नियमित मूल्यांकन भी करेगी। जो पदाधिकारी संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य नहीं करेंगे या पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय नहीं रहेंगे, उनके स्थान पर नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
बूथ से जिला स्तर तक हर माह होगी समीक्षा बैठक
बैठक में संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए बूथ, सेक्टर, मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर पर नियमित मासिक बैठकों का कैलेंडर भी स्वीकृत किया गया। तय व्यवस्था के अनुसार सबसे पहले बूथ स्तर पर बैठक होगी, इसके बाद सेक्टर, मंडल और ब्लॉक स्तर पर समीक्षा होगी तथा अंत में जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। जिला स्तर की बैठक में सभी निचले स्तरों की गतिविधियों की समीक्षा कर अगले माह की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में मंडल कार्यकारिणी के अंतर्गत सेक्टर और बूथ प्रभारियों की नियुक्ति पर भी सहमति बनी, ताकि संगठन की गतिविधियों की निगरानी और समन्वय को और प्रभावी बनाया जा सके। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संगठन को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और जनसरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से यह नई कार्यप्रणाली लागू की जा रही है, जिससे आगामी राजनीतिक और चुनावी गतिविधियों में संगठन की भूमिका और मजबूत हो सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur