पर्यटन स्थल पर खुले दरवाजों से लटककर दौड़ाई कारें,वीडियो की पुष्टि नहीं लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर उठे सवाल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार चल रहे जागरूकता अभियानों और पुलिस की सख्ती के बावजूद युवाओं में खतरनाक स्टंट का जुनून कम होता नहीं दिख रहा है। सूरजपुर जिले के अजबनगर से लगे पर्यटन स्थल मोरभंज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई युवक कारों से बेहद जोखिम भरे स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है,लेकिन इसमें दिख रहे दृश्य यातायात नियमों की खुली अनदेखी और जानलेवा लापरवाही की ओर इशारा करते हैं। वायरल वीडियो में 4 से 5 कारों का काफिला मोरभंज डेम के पास स्टंट करता नजर आ रहा है। कुछ युवक कार के दरवाजे खोलकर बाहर लटकते हुए वाहन चला रहे हैं, जबकि कुछ कारों को आगे-पीछे तेज रफ्तार में दौड़ाकर करतब दिखा रहे हैं। उनके साथ मौजूद अन्य युवक इन स्टंटों का वीडियो बनाते और उत्साह बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं। यह पूरा घटनाक्रम न केवल स्टंट करने वालों की जान जोखिम में डालता है,बल्कि वहां घूमने आए अन्य पर्यटकों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।
मोरभंज,अजबनगर से करीब चार किलोमीटर और अंबिकापुर से लगभग दस किलोमीटर दूर स्थित एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। पिल्खा पहाड़ की तलहटी और डेम का प्राकृतिक सौंदर्य बड़ी संख्या में पर्यटकों, परिवारों और युवाओं को आकर्षित करता है। छुट्टियों और सप्ताहांत पर यहां काफी भीड़ रहती है। ऐसे स्थान पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे : स्थानीय लोगों के अनुसार मोरभंज डेम क्षेत्र में पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद कुछ युवाओं द्वारा इसे स्टंट का मैदान बना देना चिंता का विषय है। यदि स्टंट के दौरान वाहन अनियंत्रित हो जाए या कोई पर्यटक इसकी चपेट में आ जाए तो गंभीर जनहानि हो सकती है।
सिर्फ चालान नहीं, मानसिकता बदलने की जरूरत : यातायात विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में केवल चालान या जुर्माना पर्याप्त नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल होने और लोकप्रियता पाने की होड़ युवाओं को खतरनाक हरकतों की ओर धकेल रही है। ऐसे मामलों में वाहन जब्ती, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन और अभिभावकों की जवाबदेही तय करने जैसी सख्त कार्रवाई भी आवश्यक है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले : अंबिकापुर शहर में भी स्कूल फेयरवेल और अन्य आयोजनों के दौरान कारों से स्टंट करते छात्र-छात्राओं के वीडियो वायरल हो चुके हैं। उन मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभिभावकों पर जुर्माना लगाया था। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं दोबारा सामने आना यह दर्शाता है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता और कानून के पालन में अभी भी बड़ी कमी है।
निगरानी बढ़ाने की मांग : स्थानीय लोगों का कहना है कि मोरभंज जैसे पर्यटन स्थलों पर सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान नियमित पुलिस गश्त, सीसीटीवी निगरानी और विशेष अभियान चलाए जाने चाहिए। इससे स्टंटबाजी पर अंकुश लगेगा और पर्यटकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur