Breaking News

अम्बिकापुर@ सीतापुर के बगडोली में खसरे की दस्तक,छह बच्चों में संक्रमण की पुष्टि

Share

15 संदिग्ध बच्चों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे,स्वास्थ्य विभाग ने गांव में शुरू किया विशेष सर्वे और टीकाकरण अभियान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा जिले के सीतापुर विकासखंड के बगडोली गांव में खसरे (मीजल्स) के छह मामलों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। संदिग्ध लक्षण मिलने पर 15 बच्चों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे,जिनमें छह बच्चों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद गांव में विशेष स्वास्थ्य टीम तैनात कर उपचार, घर-घर सर्वे और टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गांव के कुछ बच्चों में तेज बुखार और शरीर पर लाल चकत्ते (दाने) उभरने की शिकायत मिलने पर सैंपल लेकर जांच के लिए जबलपुर स्थित इम्यूनोलॉजी लैब भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में छह बच्चों में मीजल्स संक्रमण की पुष्टि होने के बाद विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में रोकथाम के लिए विशेष अभियान प्रारंभ कर दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को तथा महामारी नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम बगडोली पहुंची। टीम ने स्वास्थ्य शिविर लगाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू किया है। संक्रमित बच्चों का उपचार किया जा रहा है, वहीं अन्य बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देने के साथ उनका नियमित टीकाकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने पूरे गांव में घर-घर सर्वे शुरू किया है,ताकि बुखार,खांसी और शरीर पर दाने जैसे लक्षण वाले अन्य बच्चों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि संक्रमण को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है और स्वास्थ्य दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में अधिक खतरा : चिकित्सकों के अनुसार खसरा पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए अधिक गंभीर हो सकता है। इसकी शुरुआत आमतौर पर तेज बुखार, खांसी, जुकाम और शरीर पर लाल चकत्तों से होती है।
समय पर उपचार और टीकाकरण नहीं होने पर रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ सकती है, जिससे निमोनिया सहित अन्य गंभीर जटिलताओं का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि बच्चों में बुखार, खांसी,आंखों में लाली या लाल दाने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और बच्चों का टीकाकरण समय पर अवश्य पूरा कराएं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@डायल-112 के प्रभावी संचालन हेतु 107 पुलिसकर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन) सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने …

Leave a Reply