-संवाददाता-
बलरामपुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रविवार को बलरामपुर थाना परिसर में ‘एकता वृक्षारोपण कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देना रहा। इस अवसर पर थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में पौधरोपण किया गया। उपस्थित जनों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष लोधी राम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद राकेश सिंह, पूर्व पार्षद विनय यादव तथा भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री भानु दीक्षित विशेष रूप से उपस्थित रहे। थाना स्टाफ ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनकी जयंती पर आयोजित वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास है। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur