भिलाई,12 जुलाई 2026। राजनांदगांव जिले के मदनवाड़ा नक्सली हमले में शहीद हुए रिसाली (भिलाई) निवासी वीर जवान रजनीकांत सिंह की 17वीं पुण्यतिथि पर रविवार को उनके स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। प्रेम संगवारी बहुउद्देशीय सेवा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। डीजीपी अरुण देव गौतम ने शहीद रजनीकांत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके अदम्य साहस तथा सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग देश की अमूल्य धरोहर है और उनके परिवारों के प्रति समाज व पुलिस विभाग का दायित्व सदैव बना रहेगा। कार्यक्रम में दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नेवई थाना प्रभारी अनिल साहू सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान डीजीपी ने शहीद की पत्नी पिंकी साहू एवं अन्य परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी भी आवश्यकता की स्थिति में पूरा पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा रहेगा। समारोह को संबोधित करते हुए प्रेम संगवारी बहुउद्देशीय सेवा समिति के संयोजक विष्णु पाठक ने वर्ष 2009 के मदनवाड़ा नक्सली हमले का स्मरण करते हुए शहीद रजनीकांत सिंह के अद्वितीय बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज का नैतिक दायित्व है। उनके साहस और राष्ट्रभक्ति से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती रहेगी। विष्णु पाठक ने बताया कि समिति प्रत्येक वर्ष शहीदों की स्मृति को जीवंत बनाए रखने तथा उनके परिवारों के सम्मान के उद्देश्य से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करती है, ताकि समाज उनके सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur