- पार्षद आलोक दुबे ने आईजी को सौंपा था ज्ञापन,बाहरी राज्यों से आए लोगों की जांच और मकान मालिकों की जवाबदेही तय करने की उठाई थी मांग
- 125 मकानों व प्रतिष्ठानों में जांच, 450 लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन,संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में बाहरी राज्यों से आए किरायेदारों के सत्यापन की मांग उठने के बाद सरगुजा पुलिस ने जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया। नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे ने हाल ही में सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को ज्ञापन सौंपकर अंबिकापुर में बिना पुलिस सत्यापन रह रहे बाहरी राज्यों के किरायेदारों और विभिन्न व्यवसायों में कार्यरत लोगों का व्यापक सत्यापन कराने की मांग की थी। इसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर किरायेदारों,बाहरी व्यक्तियों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत लोगों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। पार्षद आलोक दुबे ने अपने ज्ञापन में कहा था कि गांधीनगर, कोतवाली और मणिपुर थाना क्षेत्रों सहित शहर के कई इलाकों में बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के लोग किराये पर रह रहे हैं,लेकिन उनके संबंध में न तो मकान मालिकों के पास पूरी जानकारी है और न ही पुलिस रिकॉर्ड में समुचित विवरण उपलब्ध है। उन्होंने मांग की थी कि तीनों थाना क्षेत्रों की संयुक्त टीम बनाकर प्रत्येक किरायेदार का भौतिक सत्यापन किया जाए,उसकी पहचान,गृह जिला,रोजगार और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कराई जाए। साथ ही किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों की जिम्मेदारी भी तय की जाए। पार्षद ने ज्ञापन में यह भी कहा था कि समय रहते प्रभावी सत्यापन नहीं होने पर भविष्य में असामाजिक तत्व शहर की शांति व्यवस्था के लिए खतरा बन सकते हैं। ज्ञापन की प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई थी।
पुलिस ने चलाया विशेष सत्यापन अभियानः पार्षद आलोक दुबे की मांग के बीच डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को बाहरी राज्यों से आए लोगों, किरायेदारों और मुसाफिरों की जांच के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिलेभर में किराये के मकानों, होटलों, ढाबों,पान ठेलों,गुमटियों,व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा बस-ट्रक संचालकों के यहां कार्यरत चालक,कंडक्टर और क्लीनरों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने मकान मालिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देशित किया कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को किराये पर रखने या काम पर रखने से पहले उसकी जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराएं तथा मुसाफिरी दर्ज कराएं। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी कहा गया।
125 स्थानों पर जांच,450 लोगों के दस्तावेज खंगाले : सघन अभियान के दौरान पुलिस ने 125 मकानों,होटलों,ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जांच की। करीब 450 लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने आसपास के नागरिकों से भी अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या बाहरी किरायेदार रह रहा हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने हेल्पलाइन 9479193599 और डायल 112 पर सूचना देने की अपील करते हुए कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur