ओबीसी मोर्चा की बैठक में बूथ सशक्तिकरण का मंत्र,स्कूल में छात्राओं को बांटी साइकिलें

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति,धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल मंगलवार को शहर में आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने पहले भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रथम जिला कार्यसमिति बैठक एवं जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संदेश दिया। इसके बाद स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (अंग्रेजी माध्यम),ब्रह्मरोड में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में छात्राओं को साइकिल वितरित कर शिक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। भाजपा ओबीसी मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री अग्रवाल ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज के सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में भाजपा हमेशा अग्रणी रही है। सम्मेलन में बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया,महापौर मंजूषा भगत, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी,बस्तर संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह भामरा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद मंत्री अग्रवाल शाला प्रवेश उत्सव में पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं को साइकिल वितरित की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। साइकिल वितरण से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी शिक्षा बाधित नहीं होगी। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र है। विद्यार्थियों से अनुशासन,नियमित अध्ययन और बेहतर भविष्य के लिए मेहनत करने का आह्वान करते हुए उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur