विपक्ष के सवालों का जवाब देने की रणनीति पर मंथन
रायपुर,07 जुलाईं 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के 13 जुलाई से शुरू होने वाले पांच दिवसीय मानसून सत्र से पहले सत्ता पक्ष ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी मंत्री और भाजपा विधायक शामिल हुए। बैठक में आगामी मानसून सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, विपक्ष के संभावित आरोपों का जवाब, विभिन्न विभागों की तैयारियों और सदन में सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विधायकों के बीच बेहतर समन्वय और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से सदन में रखने की रणनीति पर भी मंथन हुआ। भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है और बैठक में सत्र की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जा रही है। बैठक से पहले मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार ने मानसून सत्र को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इस बार विधानसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विधायकों का सम्मान भी किया जाएगा, जिसे संसदीय परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस में मुलाकात कर सत्र के सुचारु संचालन और तैयारियों पर चर्चा की। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की। कांग्रेस ने मानसून सत्र में सरकार को कानून-व्यवस्था,किसानों की समस्याएं,रायपुर के नकटी गांव का भूमि विवाद,बिजली-पानी संकट,सड़क निर्माण,खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, धान खरीदी की तैयारी और मानसून से जुड़ी व्यवस्थाओं जैसे मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाई है। नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने और विस्थापन का मामला भी सदन में गूंजने के आसार हैं।
आगामी मानसून सत्र के लिए अब तक विधायकों की ओर से 1,033 प्रश्न लगाए जा चुके हैं। ऐसे में प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। फिलहाल भाजपा विधायक दल की बैठक में सरकार की रणनीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur